जशपुर: बिजली बेचकर कमाएगी पंचायत! सीएम साय ने कुंजारा में किया छत्तीसगढ़ के पहले 280 किलोवाट पंचायत सोलर प्लांट का लोकार्पण
सालाना 4 लाख यूनिट बिजली बनेगी, पंचायत को हर साल करीब 18.75 लाख रुपये की आय; कंडोरा में 1 करोड़ के रौतिया समाज भवन और अखरा का भी लोकार्पण

जशपुर, 29 नवंबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के दौरे में विकास और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़ी कई सौगातें दीं। उन्होंने ग्राम पंचायत कुंजारा में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से लगे राज्य के पहले 280 किलोवाट क्षमता वाले ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया।
पंचायत को हर महीने करीब 1.5 लाख की कमाई
यह संयंत्र हर साल लगभग 4 लाख यूनिट बिजली बनाएगा, जो सीधे ग्रिड में जाएगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग के जरिए इस बिजली का समायोजन जशपुर जिले के सरकारी दफ्तरों की बिजली खपत से किया जाएगा। इससे दफ्तरों के बिजली बिल में जो बचत होगी, उसमें से 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से रकम ग्राम पंचायत कुंजारा के खाते में जमा होगी।
इस व्यवस्था से पंचायत को हर महीने करीब 1.5 लाख रुपये और साल भर में लगभग 18.75 लाख रुपये मिलने का अनुमान है। ग्रामसभा के प्रस्ताव के मुताबिक इस पैसे का इस्तेमाल गांव के विकास और बुनियादी ढांचे के कामों में होगा। इस मौके पर विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच एमओयू भी हुआ।
यह संयंत्र राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिला पंचायत जशपुर के प्रस्ताव पर मंजूर हुआ है। इसके साथ कुंजारा सौर ऊर्जा से अपनी आय कमाने वाली पंचायत बन गई है, जो आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम है।
कंडोरा में सोहराई करमा महोत्सव में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने एक करोड़ रुपये की लागत से बने रौतिया समाज भवन और अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सौर ऊर्जा से देश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प का भी जिक्र किया।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#Jashpur #VishnuDeoSai #SolarPlant #Chhattisgarh #Kunjara #SolarEnergy #GramPanchayat #जशपुर #छत्तीसगढ़ #HamaraMetro




