चंडीगढ़-जालंधर के स्कूलों में बम की धमकी, फिरोजपुर में कोर्ट खाली कराया; तलाशी अभियान जारी

जालंधर/चंडीगढ़ : पंजाब के जालंधर और चंडीगढ़ में सोमवार को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जालंधर में डीपीएस स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एक अन्य डीपीएस स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी दी गई, जिसमें आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए बच्चों को बचाने की चेतावनी दी गई।

धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीमें बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से अभिभावकों में चिंता का माहौल है।

धमकी भरे ईमेल में जालंधर के स्कूलों और मेयर ऑफिस में विस्फोट की बात कही गई है। इसके अलावा, संदेश में उकसाऊ और आपत्तिजनक बयान भी लिखे गए हैं। ईमेल भेजने वाले ने खुद को एक संगठन से जुड़ा बताया है, जिसकी पहचान की जांच की जा रही है।

उधर, चंडीगढ़ के सेक्टर-41, 32, 47 और 45 स्थित स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और संबंधित स्कूलों को खाली करवा लिया गया।

फिलहाल, पुलिस द्वारा स्कूलों और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। हर संदिग्ध वस्तु पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

वहीं फिरोजपुर कोर्ट काम्प्लेक्स को एक फिर बम से उठाने की धमकी मिली है। दोपहर 2 बजे तक कामकाज बंद कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कोर्ट खाली करवाई और छानबीन शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button