हरियाणा सरकार के 100 दिन पर कार्यक्रम, गौरव गौतम ने दिया विकास कार्यों का ब्यौरा
पलवल। हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने की खुशी में पलवल में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हो रहा है, और इस दिन को यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी तैयारी में जुटे हैं। गौरव गौतम ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि 24 जनवरी को प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे हो रहे हैं, जिसके तहत 23 जनवरी को कैबिनेट बैठक में कई अहम घोषणाओं पर मुहर लगेगी और अगले दिन यानी 24 जनवरी को आठ बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। पलवल में भी इन 100 दिनों के दौरान रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य हुए हैं, जो शहर के विकास में अहम योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मैंने पलवल को स्वच्छ और सुंदर बनाने का वादा किया था, जिसे पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पलवल शहर के सौंदर्यीकरण के लिए कई परियोजनाएं चल रही हैं। शहर के अंडरपास और चौक-चौराहों को ऐतिहासिक धरोहरों और महान व्यक्तियों के चित्रों से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही, नई ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी जल्द ही खरीदी जाएंगी ताकि सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पलवल में विभिन्न स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं, जिससे शहर को और आकर्षक बनाया जाएगा। इसके अलावा, शहर में पानी की निकासी के लिए नालों और नालियों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। 40 से 50 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास कार्य चल रहे हैं, जिनमें सड़कों की मरम्मत, लाइटिंग व्यवस्था और पार्कों के सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं।




