‘गुड मॉर्निंग रायपुर’: सुप्रभात संदेशों के साथ रोज सुरक्षा और जागरूकता का पाठ पढ़ा रही पुलिस
साइबर अपराध, यातायात, महिला और बुजुर्गों की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर

रायपुर, 28 नवंबर। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद कानून-व्यवस्था के साथ जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ नाम से विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत नागरिकों को रोज सुप्रभात संदेशों के साथ सुरक्षा और जनहित से जुड़े सुझाव दिए जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल में व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां साझा की जा रही हैं।
डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने बताया कि सुप्रभात संदेश साझा करने की परंपरा को जनजागरूकता से जोड़ने के लिए यह पहल शुरू की गई है और हर दिन एक नए विषय पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। रायपुर पुलिस ने शहरवासियों से इन संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#रायपुरपुलिस #गुडमॉर्निंगरायपुर #साइबरसुरक्षा #छत्तीसगढ़




