रायपुर में नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कार्यालय भवन का किया उद्घाटन
एससी-एसटी उद्यमियों को योजनाओं, वित्तीय सहायता और बाजार तक पहुंच में मिलेगी मदद

रायपुर, 28 नवंबर। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागृह में 28 नवंबर को नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने नेशनल एससी-एसटी हब के कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अधिकारी मौजूद रहे और उद्यम क्षेत्र में योगदान देने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित किया गया।
नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन (NSIC) के संयोजन में आयोजित कॉन्क्लेव का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को उद्योग और व्यवसाय में आगे बढ़ने के अवसर देना है। हब के माध्यम से उद्यमियों को केंद्र सरकार की योजनाओं, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, बाजार तक पहुंच और सरकारी खरीद प्रक्रिया की जानकारी व सहयोग मिलता है।
रायपुर में कार्यालय भवन शुरू होने से छत्तीसगढ़ के एससी-एसटी वर्ग के उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपने उद्यम का विस्तार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#जीतनराममांझी #रायपुर #एससीएसटीहब #MSME #छत्तीसगढ़




