भोपाल: डेंगू-मलेरिया के इलाज और जांच पर डॉक्टरों को एम्स विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
वाहक जनित रोगों के निदान, केस मैनेजमेंट, लैब जांच और IHIP पोर्टल पर रियल टाइम रिपोर्टिंग की दी गई जानकारी

भोपाल, 27 नवंबर। भोपाल में मेडिकल ऑफिसर्स के लिए वाहक जनित रोगों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मकसद डॉक्टरों को मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया और चिकनगुनिया के निदान, इलाज, केस मैनेजमेंट, लैब जांच और निगरानी की ताजा तकनीकी जानकारी देना था।
एम्स के विशेषज्ञों ने दी जानकारी
एम्स भोपाल के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अभिषेक सिंघई ने मलेरिया के संक्रमण, फैलाव, निदान और इलाज के साथ मौजूदा दवा नीति के बारे में बताया। माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति ने चारों बीमारियों की लैब जांच, सैंपल लेने की सही प्रक्रिया और सावधानियों की जानकारी दी। डॉ. हिमांगना मन्ना ने डेंगू मरीजों में होने वाली जटिलताओं, इलाज में आम गलतियों और समय पर सही इलाज के महत्व पर व्याख्यान दिया।
रियल टाइम रिपोर्टिंग पर जोर
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अर्चना मिश्रा ने IHIP पोर्टल पर रिपोर्टिंग, डेंगू और दूसरे बुखारों में फर्क पहचानने और रियल टाइम डेटा एंट्री के बारे में बताया। जिला मलेरिया अधिकारी स्मृता नामदेव ने भोपाल जिले में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की मौजूदा स्थिति और रोकथाम के लिए चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंशुल उपाध्याय ने बेहतर तालमेल और नियमित निगरानी पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में संजीवनी क्लिनिकों के डॉक्टर, खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य वरिष्ठ चिकित्सक शामिल हुए।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#Bhopal #Dengue #Malaria #AIIMSBhopal #Health




