‘इंडिया नहीं, भारत’ नाम तय करने में मध्यप्रदेश की बड़ी भूमिका: संविधान दिवस पर बोले मुख्यमंत्री मोहन यादव

विधानसभा में संविधान दिवस उत्सव; प्रदर्शनी और महापुरुषों की गैलरी का शुभारंभ, विधानसभा का यूट्यूब चैनल भी हुआ शुरू

मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान दिवस कार्यक्रम
मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान दिवस कार्यक्रम

भोपाल, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की अहम भूमिका रही है और देश का नाम ‘इंडिया’ की जगह ‘भारत’ हो, यह तय करने में भी प्रदेश का बड़ा योगदान रहा। वे मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित संविधान दिवस उत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समानता और बंधुत्व हमारे संविधान की आत्मा है।

सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामत ने की थी ‘भारत’ की पैरवी

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यभारत क्षेत्र के प्रतिनिधि सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामत ने संविधान सभा में इंडिया के बजाय भारत नाम की वकालत की थी। डॉ. हरिसिंह गौर ने 1921 में देश में ही सुप्रीम कोर्ट बनाने पर जोर दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि संविधान के पहले पन्ने पर अशोक स्तंभ का चित्रांकन मध्यप्रदेश के कलाकार स्व. दीनानाथ भार्गव ने किया था। कार्यक्रम में उनके पुत्र का अभिनंदन भी किया गया।

यूसीसी पर बोले मुख्यमंत्री

डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता का विषय सबसे पहले राजकुमारी अमृत कौर ने उठाया था। विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मामलों को धार्मिक आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई राज्य सरकारें यूसीसी की दिशा में आगे बढ़ी हैं और एक दिन संसद भी इसे पारित करेगी। मुख्यमंत्री ने आपातकाल और संविधान संशोधनों को लेकर कांग्रेस की तत्कालीन सरकारों पर भी निशाना साधा।

प्रदर्शनी, गैलरी और यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ विधानसभा की पत्रिका ‘विधायिनी’ के विशेषांक का विमोचन हुआ और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। सेंट्रल हॉल में संविधान सभा में मध्यप्रदेश के प्रतिनिधित्व पर प्रदर्शनी और महापुरुषों की चित्र गैलरी शुरू की गई। श्री तोमर ने बताया कि विधानसभा का यूट्यूब चैनल भी आज से शुरू हो गया है।

इनपुट: प्रसार भारती शब्द

#SamvidhanDiwas #MohanYadav #MPVidhanSabha #ConstitutionDay #MadhyaPradesh

Related Articles

Back to top button