संसद फिर बैठेगी: लोकसभा 30 नवंबर और राज्यसभा 2 दिसंबर से, न प्रश्नकाल होगा न शून्यकाल
सरकार के अनुरोध पर दोनों सदनों की बैठक बुलाई गई, 3 दिसंबर तक चल सकती है कार्यवाही; जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा

नई दिल्ली, 27 नवंबर। संसद के दोनों सदनों की बैठक एक बार फिर होने जा रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाई गई है। दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
जरूरी सरकारी कामकाज होगा
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने एक्स पर बताया कि इन बैठकों में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा। इस दौरान न प्रश्नकाल होगा, न शून्यकाल और न ही गैर-सरकारी सदस्यों के विधायी कामकाज पर चर्चा होगी। केंद्र सरकार ने जरूरी कामकाज के लिए दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया था।
कब और कितने बजे होगी बैठक
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे सदन की बैठक बुलाने का निर्देश दिया है। वहीं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार, 2 दिसंबर को सुबह 11 बजे उच्च सदन की बैठक बुलाई है।
13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी कार्यवाही
संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के साथ खत्म हुआ था, लेकिन तब सत्रावसान की औपचारिक घोषणा नहीं हुई थी। लोकसभा सचिवालय इसे 18वीं लोकसभा के 8वें सत्र का दूसरा हिस्सा बता रहा है, जबकि राज्यसभा सचिवालय के अनुसार यह 271वें सत्र की बहाली होगी।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#Parliament #संसद #LokSabha #RajyaSabha #ParliamentSession




