पोखरण में ‘भार्गवास्त्र’ का सफल परीक्षण, दुश्मन के ड्रोन झुंड को एक साथ निशाना बनाएगा स्वदेशी सिस्टम
सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड ने बनाया देश का पहला स्वदेशी दो-स्तरीय वाहन-आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम, 20 से 24 नवंबर तक हुआ परीक्षण

नई दिल्ली, 27 नवंबर। ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे के बीच भारत ने स्वदेशी रक्षा तकनीक में एक और अहम कदम बढ़ाया है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड ने वाहन पर तैनात होने वाला काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ विकसित किया है, जिसका राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण किया गया।
20 से 24 नवंबर तक चला परीक्षण
कंपनी ने इस सिस्टम का विकास और एकीकरण पूरा करने के बाद 20 से 24 नवंबर 2026 के बीच पोखरण में इसका आंतरिक परीक्षण किया। भार्गवास्त्र को भारत का पहला स्वदेशी दो-स्तरीय, वाहन-आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम बताया गया है।
क्या है भार्गवास्त्र की खासियत
‘स्वार्म’ का मतलब है एक साथ हमला करने वाले कई ड्रोनों का झुंड। भार्गवास्त्र की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यह दुश्मन के कई ड्रोनों पर एक साथ निशाना साध सकता है। इसमें एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइलें लगाई गई हैं, जो दो अलग-अलग स्तरों पर ड्रोन हमलों से बचाव करती हैं।
वाहन पर लगे होने के कारण इस सिस्टम को जरूरत के हिसाब से अलग-अलग जगहों पर ले जाया जा सकता है।
हवाई सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
हाल के वर्षों में ड्रोन के जरिए होने वाले हमले सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। ऐसे में भार्गवास्त्र को देश की स्वदेशी हवाई रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#Bhargavastra #भार्गवास्त्र #Pokhran #AntiDrone #MakeInIndia #Defence




