द्ध में एआई के इस्तेमाल पर भारत की चिंता, संयुक्त राष्ट्र में मानवीय नियंत्रण की मांग

युद्ध के मैदान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीकों का बढ़ता इस्तेमाल दुनिया के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर रहा है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि सैन्य अभियानों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।

भारत ने स्पष्ट किया कि युद्ध के दौरान महत्वपूर्ण फैसलों में मानवीय समझ, निगरानी और जवाबदेही सबसे ऊपर रहनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में हथियारों के इस्तेमाल की जिम्मेदारी मशीनों को नहीं सौंपी जा सकती।

भारत के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने मंगलवार को लातविया की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय चर्चा में भारत का पक्ष रखा।

इस चर्चा का विषय तेजी से बदलती तकनीक के दौर में संघर्षों का समाधान था। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वचालित हथियार प्रणालियां और डिजिटल तकनीक युद्ध की प्रकृति को तेजी से बदल रही हैं। इन तकनीकों से सैन्य क्षमताओं में वृद्धि हो सकती है, लेकिन इनके गलत इस्तेमाल से अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को गंभीर खतरा भी पैदा हो सकता है।

युद्ध में मानवीय निगरानी जरूरी

 

भारत ने विशेष रूप से स्वचालित हथियार प्रणालियों को लेकर चिंता जताई। ऐसी प्रणालियां कुछ परिस्थितियों में बिना सीधे मानवीय हस्तक्षेप के लक्ष्य की पहचान और हमले से जुड़े फैसले लेने में सक्षम हो सकती हैं।

भारत का मानना है कि इस तरह की तकनीकों के इस्तेमाल में मानवीय नियंत्रण और निगरानी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

भारत ने कहा कि सैन्य जरूरतों और मानवीय सुरक्षा के बीच संतुलन होना चाहिए। युद्ध के दौरान आम नागरिकों, शांति सैनिकों और मानवीय सहायता पहुंचाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन आवश्यक है।

आतंकवादी संगठनों द्वारा एआई के दुरुपयोग का खतरा

 

भारत ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के गलत इस्तेमाल को लेकर भी चिंता व्यक्त की। राजदूत ने कहा कि आतंकवादी संगठन और गैर-सरकारी हिंसक समूह आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल अपने उद्देश्यों के लिए कर सकते हैं।

गलत, अधूरी या जानबूझकर बदली गई जानकारी के आधार पर तैयार किए गए एआई परिणाम सुरक्षा से जुड़े फैसलों को प्रभावित कर सकते हैं।

भारत ने साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण डिजिटल ढांचे की सुरक्षा को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

विकासशील देशों की भागीदारी पर भी जोर

 

भारत ने यह भी कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास और नियमन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय फैसलों में विकासशील देशों की बराबर भागीदारी होनी चाहिए। तकनीक पर कुछ विकसित देशों का एकाधिकार नहीं होना चाहिए।

वैश्विक दक्षिण के देशों को केवल तकनीक के उपभोक्ता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें इसके विकास और नियमन में भी उचित भूमिका मिलनी चाहिए।

भारत ने फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट सम्मेलन और उसके दौरान जारी नई दिल्ली घोषणा का भी उल्लेख किया। भारत का मानना है कि तकनीक का विकास मानवता के हित, समान अवसर और वैश्विक शांति को ध्यान में रखकर होना चाहिए।

भारत का स्पष्ट संदेश है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता भविष्य की तकनीक जरूर है, लेकिन युद्ध और मानव जीवन से जुड़े फैसलों में मानवीय विवेक, जिम्मेदारी और जवाबदेही का स्थान सबसे महत्वपूर्ण रहना चाहिए।

Related Articles

Back to top button