बांसवाड़ा में हाईवे पर एक साथ उतरे सेना के 4 माइक्रोलाइट विमान, देश में पहली बार बना रिकॉर्ड

‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन-2026’ के तहत NH-754K पर हुई लैंडिंग, महू से शुरू हुआ करीब 3100 किमी का हवाई अभियान 28 नवंबर को होगा पूरा

बांसवाड़ा में लैंडिंग से पहले उड़ान भरते सेना के माइक्रोलाइट विमान
बांसवाड़ा में लैंडिंग से पहले उड़ान भरते सेना के माइक्रोलाइट विमान

बांसवाड़ा (राजस्थान), 27 नवंबर। भारतीय सेना ने एयरो-एडवेंचर के क्षेत्र में नया कीर्तिमान बनाया है। सेना के चार माइक्रोलाइट विमान शुक्रवार को राजस्थान के बांसवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक साथ सुरक्षित उतरे। देश में यह पहला मौका है जब चार माइक्रोलाइट विमानों ने एक साथ हाईवे पर लैंडिंग की है।

यह उपलब्धि सेना की ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ के राष्ट्रीय माइक्रोलाइट एवं पावर्ड हैंग ग्लाइडर अभियान ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन-2026’ के दौरान हासिल हुई।

NH-754K पर हुई ऐतिहासिक लैंडिंग

चारों विमानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-754के पर लैंडिंग की। इसके लिए एनएचएआई, नागरिक प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने मिलकर उड़ान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए थे। अभियान दल बांसवाड़ा की तलवाड़ा हवाई पट्टी पर भी पहुंचा, जहां जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव समेत बड़ी संख्या में लोगों ने विमानों को देखा और अभियान के बारे में जानकारी ली।

महू से शुरू हुआ 3100 किमी का सफर

यह अभियान 14 नवंबर को मध्यप्रदेश के महू से शुरू हुआ था। करीब 3100 किलोमीटर की हवाई यात्रा पूरी करने के बाद यह 28 नवंबर को महू में ही समाप्त होगा। विमानों ने झाबुआ से उड़ान की शुरुआत की और मालवा व धार होते हुए वडोदरा पहुंचे। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ऊपर से गुजरते समय दल पर फूल बरसाए गए।

अभियान के दौरान विमानों ने गुजरात के तटीय इलाकों और सोमनाथ व द्वारकाधीश मंदिरों के ऊपर से भी उड़ान भरी। जामनगर से मुंद्रा के बीच समुद्र के ऊपर लगभग 48 किलोमीटर की उड़ान भी इस सफर का हिस्सा रही।

चार विमान, चार तरह की खूबियां

अभियान में चार अलग-अलग माइक्रोलाइट और पावर्ड हैंग ग्लाइडर विमान शामिल हैं। एक्स-एयर ‘हनुमान’ की अधिकतम रफ्तार 130 किमी प्रति घंटा, सवाना एमएक्सपी-740 की 160 किमी प्रति घंटा, टनार्ग बायोनिक्स पावर्ड हैंग ग्लाइडर की 120 किमी प्रति घंटा और नुविक्स स्काईपर की 110 किमी प्रति घंटा है। सामान्य उड़ान में इनकी रफ्तार 95 से 110 किमी प्रति घंटा के बीच रहती है।

युवाओं में रोमांच के प्रति रुचि जगाना मकसद

इस अभियान का उद्देश्य सेना की साहसिक छवि को सामने लाना, युवाओं को एडवेंचर के लिए प्रेरित करना और देश में एयरो-एडवेंचर खेलों को बढ़ावा देना है। साथ ही तटीय क्षेत्रों, कच्छ के रण और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में इन विमानों की क्षमता भी परखी जा रही है।

अभियान का नेतृत्व महू स्थित आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर (माइक्रोलाइट एवं पीएचजी), एमसीटीई के अनुभवी पायलट और उड़ान प्रशिक्षक कर रहे हैं।

इनपुट: प्रसार भारती शब्द

#IndianArmy #भारतीयसेना #Banswara #Microlight #WingsOfValour #Rajasthan

 

Related Articles

Back to top button