‘परिवार की हर तरह से मदद करने की कोशिश कर रहे’, पीएम मोदी ने मर्ज के सामने उठाया अरिहा शाह का मुद्दा
प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के समक्ष भारतीय बच्ची अरिहा शाह का मुद्दा उठाया। अरिहा चार साल से अधिक समय से बर्लिन में फोस्टर केयर में है, जिसे 2021 में जर्मन अधिकारियों ने कथित दुर्व्यवहार के कारण कस्टडी में लिया था। भारत सरकार उसकी वापसी के लिए दबाव डाल रही है, ताकि वह अपने भाषाई और सांस्कृतिक माहौल में रह सके। विदेश सचिव ने इसे मानवीय मुद्दा बताया।

विदेश सचिव ने क्या बताया?
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया, ”यह एक बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है और हम लंबे समय से जर्मन सरकार और नई दिल्ली स्थित दूतावास के साथ इस पर चर्चा कर रहे हैं। एक समय यह कानूनी मुद्दा था, अब हमें इसे मानवीय मुद्दे के तौर पर देखना चाहिए। हम परिवार की हर तरह से मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।” अरिहा के माता-पिता को फिलहाल महीने में दो बार उससे मिलने की अनुमति है।




