देश के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव, ESIC को मिली नए अस्पतालों की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। देशभर में हाल ही में शुरू किए गए और भविष्य में बनने वाले सभी नए अस्पतालों का संचालन अब राज्य सरकारों के बजाय सीधे कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइसी) द्वारा ही किया जाएगा।
श्रम एवं रोजगार और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई ईएसआइसी की 198वीं बैठक में यह फैसला किया गया।

ESIC करेगा नए अस्पतालों का संचालन
वर्तमान में राज्य सरकारों के अधीन और पुनर्निमाण या उन्नयन के दौर से गुजर रहे अस्पतालों का प्रबंधन राज्य सरकारें तब तक करती रहेंगी जब तक कि वह ईएसआइसी को सौंपने का विकल्प नहीं चुनती।
निगम ने ईएसआइसी की आयुष सेवाओं के एकीकरण, सुदृढ़ीकरण और क्षमता निर्माण के लिए एक संयुक्त ढांचा बनाने और जीवन शैली से संबंधित स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान करने के लिए भारत सरकार के आयुष मंत्रालय और ईएसआइसी, श्रम और रोजगार मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी।




