Education: श्री धर्मेंद्र प्रधान ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों के साथ उच्च एवं तकनीकी शिक्षा पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया
Shri Dharmendra Pradhan inaugurates a National Workshop on Higher and Technical Education with Secretaries of States/UTs
केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों के साथ उच्च एवं तकनीकी शिक्षा पर एक दो-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में शिक्षा और उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री के. संजय मूर्ति, उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव श्री सुनील कुमार बरनवाल, यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम. जगदीश कुमार, उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती मनमोहन कौर, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सचिव, शिक्षाविद, संस्थानों के प्रमुख और इस मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद थे।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि यह कार्यशाला गहन अकादमिक विचार-विमर्श के लिए एक मंच के रूप में काम करेगी, विशेष रूप से कैसे शिक्षा जीवन जीने को आसान बनाने, प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्धारित राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को हासिल करने में महत्वपूर्ण सुधार ला सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश को उद्योग 4.0 द्वारा प्रस्तुत अवसरों का उपयोग करके एक उत्पादक अर्थव्यवस्था बनना है और ऐसी शिक्षा अवसंरचना को तेजी से विकसित करना है, जो वैश्विक मानकों को भी पार कर जाए। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा अवसंरचना एक बहु-आयामी अवधारणा है और ये ईंट-और-मोर्टार संरचनाओं को विकसित करने से परे है।




