गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा रोहिणी, प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर दहशत का माहौल
रोहिणी सेक्टर-24 में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर बदमाशों ने लगभग दो दर्जन गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। कुछ गोलियां हवा में और कुछ पार्किंग में खड़ी नीली टोयोटा इनोवा कार पर लगीं। कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस को दी शिकायत में डीलर ने बताया कि उसे अंतरराष्ट्रीय नंबर से मोटी रकम की रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल और मैसेज मिले थे।

रोहिणी जिला पुलिस ने बताया कि हवाई फायरिंग के अलावा बदमाशों ने नीले रंग की टोयोटा इनोवा कार को निशाना बनाया। कार की विंडशील्ड पर गोलियों के निशान पाए गए।
कॉल कर मांगी मोटी रकम
शिकायकर्ता ने पुलिस को बताया कि 26 व 29 दिसंबर को एक अनजान इंटरनेशनल नंबर से कई वाट्सऐप कॉल और वाइस मैसेज आए। कॉल करने वाले ने खुद को एक बड़ा गैंगस्टर बताया और जबरन वसूली के तौर पर मोटी रकम मांगी और उसे धमकियां दीं, जिसकी जानकारी उसने पहले पुलिस को नहीं दी थी।




