दिल्ली-गुरुग्राम के बीच जमीन के नीचे बनेगी टनल रोड- Nitin Gadkari
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक, ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि सरकार दिल्ली से गुरुग्राम तक एक सुरंग (टनल) सड़क बनाने की योजना पर काम कर रही है, जिससे एक घंटे का सफर घटकर महज 15 मिनट का रह जाएगा। नितिन गडकरी ने बताया कि यह प्रस्तावित टनल दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से शुरू होकर सीधे गुरुग्राम तक जाएगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने में यात्रियों का बहुत समय बर्बाद होता है, और यह टनल इसी समस्या का एक स्थायी समाधान होगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रा में लगने वाले समय को कम करने के साथ-साथ दिल्ली-गुरुग्राम के व्यस्त मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करना है। इस बहुप्रतीक्षित योजना की स्थिति पर जानकारी देते हुए गडकरी ने कहा कि इस पर अध्ययन शुरू कर दिया गया है और जल्द ही इस पर काम शुरू हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि परिवहन मंत्रालय के पास दिल्ली के लिए 30 से 40 हजार करोड़ रुपये का बजट है, जिसका उपयोग इस तरह की परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।



