दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए नई पहल, क्यूआर कोड से सीधे पुलिस में शिकायत की सुविधा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। बाहरी-उत्तर जिले में ‘ई-निर्भीक’ प्रणाली की शुरुआत की जा रही है। इसके माध्यम से छात्राएं और महिलाएं बिना थाने जाए अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके सीधे पुलिस तक शिकायत पहुंचा सकेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने में होने वाली झिझक और परेशानी से राहत देना है।
स्कूल और कॉलेज के बाहर लगाए जाएंगे क्यूआर कोड
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बाहरी-उत्तर जिले के स्कूलों और कॉलेजों के बाहर विशेष शिकायत बॉक्स लगाए जाएंगे। इन बॉक्स पर क्यूआर कोड उपलब्ध होगा। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी या अन्य परेशानी का सामना करने वाली छात्राएं इस कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर सकेंगी। इसके बाद एक वेब पृष्ठ खुलेगा, जहां वे अपनी शिकायत लिखकर सीधे पुलिस को भेज सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से छात्राओं को अपनी पहचान और परेशानी के बारे में पुलिस तक जानकारी पहुंचाने का आसान माध्यम मिलेगा।
छात्राओं की झिझक दूर करने का प्रयास
पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना के मुताबिक, पुलिस की महिला टीमें स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्राओं से बातचीत कर रही थीं। बातचीत के दौरान कई छात्राओं ने बताया कि शिक्षण संस्थानों के आसपास कुछ युवक अभद्र टिप्पणियां करते हैं, लेकिन थाने जाने में उन्हें झिझक महसूस होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए ई-निर्भीक प्रणाली शुरू की गई है।
बीट अधिकारियों से संपर्क भी होगा आसान
महिला सुरक्षा के साथ स्थानीय पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के लिए जिले के बीट अधिकारियों को स्थायी सरकारी मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। इससे नागरिक सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे। पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से छोटी समस्याओं के लिए पीसीआर पर निर्भरता कम हुई है।
दिल्ली पुलिस की यह पहल महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




