Crime: सुरेंद्र जड़िया हत्याकांड में 5 साल से फरार 20 हजार का इनामी गिरफ्तार
20 thousand bounty on absconding person for 5 years in Surendra Jadia murder case arrested
चूरू जिले की राजगढ़ थाना पुलिस टीम ने सुरेन्द्र जडिय़ा हत्याकांड में 5 साल से फरार चल रहे आरोपी नवीन पुत्र भीम विंग निवासी नांधा हरियाणा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी पर जिला एसपी की ओर से 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है। एसपी जय यादव ने बताया कि 9 मई 2019 की शाम करीब साढ़े सात बजे जडिय़ा के ट्रांसपोर्टर सुरेन्द्र उर्फ ढिल्लों की राजगढ़ कस्बे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने गैंगस्टर सम्पत नेहरा समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, आरोपी नवीन सिंह मामले में पांच साल से फरार चल रहा था। एसपी यादव ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल व सीओ निश्चय प्रसाद एम आईपीएस के सुपरविजन में व थानाधिकारी राजगढ़ पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार आरोपी नवीन को शरण देने वालों पर नजर रख रही थी और आसूचना संकलन कर रही थी। इसके चलते आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। लगातार ठिकाने बदलने के कारण आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था। पुलिस लगातार उसका पीछा कर रही थी। इसी बीच शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी हरियाणा से बीकानेर जा रहा है। सूचना पर बहल रोड राजगढ़ पर नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल नवीन कुमार की विशेष भूमिका रही है। एसपी यादव ने बताया कि इससे पहले बालाजी ट्रांसपोर्ट व जरिया ट्रांसपोर्ट संचालकों के बीच व्यापारिक प्रतिस्पर्धा व रंजिश के चलते बालाजी ट्रांसपोर्ट के मालिक करतार सिंह पूनिया की हत्या कर दी गई थी। उसके बाद दोनों ट्रांसपोर्ट ग्रुपों में रंजिश शुरू हो गई। बालाजी ट्रांसपोर्ट संचालकों ने जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर संपत नेहरा से व्हाट्सएप कॉल के जरिए बात की और सुरेंद्र उर्फ ढिल्लो की हत्या की साजिश रची। वारदात वाले दिन संपत नेहरा के तीन शूटरों दिनेश डागर उर्फ फौजी, पवन तोतला उर्फ पहलवान व नवीन झज्जर ने सुरेंद्र जडिया की गोली मारकर हत्या कर दी।




