काशी तमिल संगमम 5.0 का आगाज: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे उद्घाटन, 12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन

इस बार की थीम ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम’, तमिलनाडु से 1400-1500 प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना

काशी तमिल संगमम 5.0 का आगाज: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे उद्घाटन, 12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन

वाराणसी, 28 नवंबर। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में एक बार फिर उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति का संगम देखने को मिल रहा है। वाराणसी में आज 28 नवंबर से काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की शुरुआत हो गई है, जो 12 दिसंबर तक चलेगा। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन इसका उद्घाटन करेंगे। वाराणसी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य लोगों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

इस वर्ष आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे बाबा श्री काशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव के दर्शन-पूजन करेंगे तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

तमिलनाडु से 216 छात्र-छात्राओं और 50 शिक्षकों का पहला दल शुक्रवार रात करीब 8 बजे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां डमरू वादन और पुष्पमालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘वणक्कम काशी’ के जयकारों से स्टेशन परिसर गूंज उठा। अतिथि चार दिन काशी में रहेंगे और काशी, प्रयागराज व अयोध्या के धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस बार तमिलनाडु से करीब 1400 से 1500 प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है।

नमो घाट पर केंद्रीय संचार ब्यूरो की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसका उद्घाटन शिक्षा मंत्रालय की सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी ने भारतीय भाषा विभाग के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री के साथ किया। प्रदर्शनी में काशी और तमिलनाडु के बीच पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को दिखाया गया है। आयोजन के दौरान बीएचयू से लेकर नमो घाट तक कई कार्यक्रम होंगे।

इनपुट: प्रसार भारती शब्द

#काशीतमिलसंगमम #वाराणसी #सीपीराधाकृष्णन #योगीआदित्यनाथ #एकभारतश्रेष्ठभारत

Related Articles

Back to top button