संविधान के मूल्य संसद और अदालत तक सीमित न रहें, जन-जन तक पहुंचें: महू में बोले राज्यपाल मंगुभाई पटेल

डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत में योगदान का आह्वान किया

महू में संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यपाल मंगुभाई पटेल
महू में संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यपाल मंगुभाई पटेल

महू, 27 नवंबर। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत जैसे विविधता वाले देश में संविधान के मूल्यों को संसद और अदालतों से आगे ले जाकर जन-जन तक पहुंचाना बहुत जरूरी है। युवाओं को संविधान के महत्व से परिचित कराने के लिए लगातार प्रयास होने चाहिए। वे डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू के दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे।

व्यवहार में दिखे सामाजिक समरसता

राज्यपाल ने कहा कि बाबा साहब के नाम पर बने विश्वविद्यालय की सार्थकता तभी है, जब समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय के मूल्य शिक्षा, शोध और रोज के व्यवहार में दिखें। किसी व्यक्ति के गरीब होने, साधारण कपड़े पहनने या वंचित वर्ग से आने के कारण मन में भेदभाव नहीं आना चाहिए।

नशे से दूर रहें युवा

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में खूब आगे बढ़ें, लेकिन माता-पिता, समाज और देश को कभी न भूलें। विकसित भारत-2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। राज्यपाल ने संविधान दिवस पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव और समानता का सबसे मजबूत जरिया बनाया। उनकी जन्मभूमि महू में संविधान दिवस पर आयोजन गौरव की बात है।

इनपुट: प्रसार भारती शब्द

#MangubhaiPatel #Mhow #SamvidhanDiwas #Convocation #MadhyaPradesh

Related Articles

Back to top button