पंजाब में बाणी अध्ययन केंद्र के लिए मान सरकार की तैयारी, हाई-टेंशन तारों को हटाने के लिए 55 लाख किए मंजूर
पंजाब सरकार ने करतारपुर रोड पर नौगज्जा और फरीदपुर में 10.50 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर ‘श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि हाई-टेंशन तारों को हटाने के लिए 55 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। यह केंद्र गुरु रविदास जी की शिक्षाओं के प्रसार और विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कब्जा लेने की पूरी प्रक्रिया वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक बलकार सिंह, पंजाब कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन टीनू, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई।
इस मौके पर बोलते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “यह बहुत खुशी की बात है कि पंजाब सरकार ने अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के निर्माण के लिए 10.50 एकड़ भूमि का कब्जा हासिल कर लिया है। इस भूमि का उपयोग अब गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को समर्पित एक विश्व स्तरीय संस्था बनाने के लिए किया जाएगा।”




