Uttrakhand: प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में फिल्म और संस्कृति के विकास पर चर्चा का मंच
Platform for discussion on development of film and culture in Pravasi Uttarakhandi Sammelan
देहरादून। दून विश्वविद्यालय में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के दौरान उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, कला, एवं फिल्मों को बढ़ावा देने पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड को फिल्म शूटिंग के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। उत्तराखण्ड फ़िल्म विकास परिषद के ब्म्व् और महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने इस दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य में कई आकर्षक फिल्म शूटिंग स्थल हैं, जो देश और दुनिया के फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर सकते हैं।
उत्तराखण्ड फ़िल्म नीति 2024ः क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्मों को मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी
श्री तिवारी ने जानकारी दी कि हाल ही में जारी की गई उत्तराखण्ड फ़िल्म नीति 2024 के अंतर्गत क्षेत्रीय भाषा की फिल्मों के प्रोडक्शन में किए गए व्यय का 50 प्रतिशत तक या अधिकतम 2 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी, वहीं हिंदी और अन्य 8वीं अनुसूची की भाषाओं के लिए यह अनुदान 30 प्रतिशत या अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक का होगा। इस नई नीति के तहत अब शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, ओटीटी और वेब सीरीज़ को भी सब्सिडी की श्रेणी में शामिल किया गया है। साथ ही, राज्य में फिल्म सिटी और फिल्म संस्थान स्थापित करने के लिए भी अनुदान की व्यवस्था की गई है।




