‘परिवार समेत जान से मार दूंगा’, बठिंडा के युवक को पाकिस्तान से मिली धमकी, पंजाब DGP को पत्र लिखकर मांगी सुरक्षा
बठिंडा के सुखपाल सिंह सरां ने एक पाकिस्तानी नागरिक पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीजीपी पंजाब सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायत भेजकर तत्काल सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सरां का कहना है कि उन्हें देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण पहले भी धमकियां मिली हैं। आरोपी ने निजी जानकारी होने का दावा करते हुए 15 दिनों में जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता का कहना है कि वह देश विरोधी, जिहादी गतिविधियों और गैर-कानूनी धर्म परिवर्तन के खिलाफ लोकतांत्रिक व कानूनी तरीके से आवाज उठाता रहा हैं, जिसके चलते पहले भी उसे ऐसी धमकियां मिलती रही हैं।
सुखपाल सिंह सरां ने बताया कि 28 जनवरी 2026 को दोपहर तीन बजे वह अपने मित्र गुरविंदर सिंह रामसरा के साथ भुच्चो मंडी की ओर जा रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने पहले खुद को अकरम (दुबई से) बताया और बाद में अपना नाम साजिद भट्टी, पाकिस्तान का निवासी बताया।




