Chief Minister Rekha Gupta ने विकास कार्यों को लेकर की विस्तृत समीक्षा

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि उनकी सरकार हर वर्ग और हर क्षेत्र का विकास चाहती है। सरकार के पास फंड की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अफसरों को आदेश जारी किए कि वे मुख्यमंत्री विकास फंड (सीएमडीएफ) से जुड़े कार्य, विधायक निधि से भेजे गए विकास कार्यों (एमएलए एलएडी) के अलावा अनिधकृत कॉलोनियों और अनुसूचित जाति व जनजाति बस्तियों में विकास की गति तेज करें और वहां शुरू हो रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा करें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज इन्हीं विषयों के विकास कार्यों को लेकर दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी।

Chief Minister Rekha Gupta

बैठक में मुख्य सचिव, दिल्ली नगर निगम के आयुक्त सहित शहरी विकास, योजना, वित्त, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों और उनकी प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विकास कार्यों को लेकर केवल औपचारिकता निभाने का रवैया बदलना होगा और विभागों के बीच समन्वय को मजबूत बनाकर कार्यों को गति देनी होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री विकास निधि और विधायक निधि से संबंधित सभी कार्यों की स्टेटस रिपोर्ट नियमित रूप से उनके और विधायकों के पास भेजी जाए, ताकि यदि किसी स्तर पर कोई अड़चन आती है तो संबंधित विधायक उसकी तुरंत जानकारी प्राप्त कर उसका समाधान कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी विधायक द्वारा भेजा गया प्रस्ताव नियमों के अनुसार नहीं पाया जाता है, तो उसकी जानकारी तत्काल विधायक को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय की बर्बादी न हो और कार्ययोजना पर जल्द से जल्द अमल हो सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों और अनुसूचित जाति/जनजाति बस्तियों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेज किया जाए, क्योंकि इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की अपेक्षाएं सबसे अधिक हैं।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इन इलाकों में शुरू हो रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा मंअ पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मानसून का मौसम अब समाप्ति की ओर है, इसलिए सभी विभाग आने वाले दिनों में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज कर दें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पूरी दिल्ली में विकास कार्य जमीन पर उतरते हुए साफ दिखाई दें। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से यह भी कहा कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रस्तावों की विस्तृत सूची उनके कार्यालय को प्रस्तुत करें। अधिकारियों द्वारा तैयार प्रेज़ेंटेशन में कार्यों की प्रगति, बजट की स्थिति और निर्धारित समय-सीमा का स्पष्ट विवरण होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शिता और समयबद्धता को सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल चुनिंदा इलाकों का विकास करना नहीं, बल्कि पूरी राजधानी का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सोच स्पष्ट है, दिल्ली का हर नागरिक यह महसूस करे कि विकास कार्य उसकी बस्ती, कॉलोनी और उसके मोहल्ले तक पहुंच रहा है। हमारी सरकार की यही सोच सही मायनों में एक विकसित दिल्ली का सपना पूरा करेगी।

Related Articles

Back to top button