Astronaut Shubhanshu Shukla के अंतरिक्ष मिशन पर आज लोकसभा में विशेष चर्चा, पीएम मोदी भी करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली। अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला रविवार तड़के भारत लौट आए। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की उनकी ऐतिहासिक यात्रा का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली हवाई अड्डे पर ढोल-नगाड़ों के साथ तिरंगा लहराते हुए एकत्रित हुए थे। ढोल-नगाड़ों की ध्वनि के बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो चेयरमैन वी. नारायणन ने शुभांशु शुक्ला और उनके बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर का स्वागत किया। उनकी वापसी के उपलक्ष्य में लोकसभा में सोमवार को विशेष चर्चा का आयोजन किया जाएगा।

Astronaut Shubhanshu Shukla

अंतरिक्ष यात्रा के लिए अमेरिका में लगभग एक वर्ष चले प्रशिक्षण और आईएसएस की यात्रा के बाद स्वदेश लौटे शुक्ला का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर उनकी पत्नी कामना और बेटा कियाश भी मौजूद थे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के बाद जितेंद्र सिंह द्वारा पोस्ट किए गए स्वागत संदेश के जवाब में शुक्ला ने एक्स पर लिखा, ‘धन्यवाद सर। घर वापस आकर वाकई अच्छा लग रहा है।’

शुक्ला के सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने और फिर अपने गृहनगर लखनऊ जाने की उम्मीद है। 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उनके राजधानी लौटने की भी संभावना है। शुक्ला की स्वदेश वापसी के उपलक्ष्य में सोमवार को लोकसभा में ‘अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री- 2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका’ विषय पर विशेष चर्चा होगी। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी कार्यसूची में इसकी जानकारी दी गई है।

Related Articles

Back to top button