डॉक्टरों ने डल्लेवाल का इलाज करने से किया इनकार
संगरूर: खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का इलाज करने वाली राजिंदरा अस्पताल, पटियाला की टीम बुधवार शाम अपनी ड्यूटी छोड़कर वापस चली गयी। डॉक्टरों की टीम ने सिविल सर्जन, पटियाला डाॅ. दविंदरपाल सिंह को लिखे पत्र में किसान नेताओं पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए डल्लेवाल का इलाज करने से इनकार कर दिया। हालांकि, किसान नेताओं ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि डॉक्टर भगवान का रूप हैं।
दरअसल, सुबह डल्लेवाल ने ड्रिप लगवाने से इनकार कर दिया था। बताया गया कि इस दौरान कुछ किसान नेताआें ने डॉक्टर से दुर्व्यवहार किया। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सिविल सर्जन डाॅ. दविंदरपाल सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने डल्लेवाल को ग्लूकोज ड्रिप लगाई। डीएसपी इंद्रपाल सिंह चौहान ने कहा कि ग्लूकोज लगाने वाला डॉक्टर दक्षिण भारत से संबंधित था और उनकी भाषा नहीं समझता था। वहीं, मोर्चे के प्रमुख नेता काका सिंह कोटड़ा ने स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. बलवीर सिंह से फोन पर बात की। किसान नेताओं ने कहा कि अगर सरकारी डॉक्टर डल्लेवाल का इलाज करने में असमर्थ हैं, तो उन्हें बताया जाना चाहिए। इस बीच, इलाज के लिए नयी टीम पहुंची, लेकिन वह भी शाम को लौट गयी।
सुप्रीम कोर्ट ने दी सलाह- पीजीआई जायें डल्लेवाल
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल द्वारा चिकित्सा सहायता लेने और प्रदर्शनकारी किसानों द्वारा केंद्र के साथ वार्ता करने पर सहमति जताए जाने के बाद, सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को पंजाब के मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक के खिलाफ अदालत की अवमानना कार्यवाही पर सुनवाई फरवरी तक के लिए टाल दी। जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने ‘सकारात्मक घटनाक्रम’ का स्वागत करते हुए केंद्र के साथ किसानों की 14 फरवरी की बैठक से पहले डल्लेवाल को पीजीआई चंडीगढ़ जाकर जांच व इलाज करवाने की सलाह दी।




