नई दिल्ली में अगले हफ्ते भारत-बांग्लादेश के बीच सीमा वार्ता, तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बैठक
नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच अगले हफ्ते दिल्ली में अर्ध-वार्षिक महानिदेशक स्तर की सीमा वार्ता होगी। बांग्लादेश में इस वर्ष की शुरुआत में बीएनपी सरकार के सत्ता संभालने के बाद यह इस तरह की पहली बैठक होगी अधिकारियों ने बताया कि यह वार्ता 8 से 11 जून के बीच दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक बेस पर होगी। 11 जून को वार्ता के संयुक्त रिकॉर्ड पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

भारत-बांग्लादेश के बीच सीमा-वार्ता
बैठक में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उसके महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमान सिद्दीकी करेंगे, जबकि भारतीय पक्ष का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सीमा पर बाड़ लगाने, बीएसएफ जवानों पर हमलों, घुसपैठ एवं सीमा पार से अपराधों को रोकने और अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को वापस सौंपने जैसे मुद्दे इस वार्ता के एजेंडे का हिस्सा हो सकते हैं।
पिछली बैठक अगस्त, 2025 में ढाका में हुई थी, जब बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार सत्ता में थी। गौरतलब है कि भारत की बांग्लादेश के साथ 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है। इसमें से लगभग 860 किलोमीटर पर अभी भी बाड़ नहीं लगी है। इसमें 174.51 किलोमीटर का वह हिस्सा भी शामिल है जहां बाड़ लगाना संभव नहीं है।




