पंजाब में ‘आसमानी आफत’, ओलावृष्टि और बारिश ने गिराया पारा; जानें आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब में वर्षा और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान गिरा। हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात से रोहतांग और अटल टनल बंद हो गए, लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग भी बर्फबारी के कारण बंद रहा, जिससे 58 उड़ानें रद्द हुईं और कश्मीर का संपर्क टूट गया। सोनमर्ग में हिमस्खलन हुआ, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।

कई जिलों में दिन के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जिससे कड़ाके की ठंड लौट आई। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला में रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम में दो फीट तक हिमपात हुआ है। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर लगभग दो फीट हिमपात हुआ। इससे लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। डलहौजी में भी हिमपात हुआ है।




