जहरीली हवा से सावधान! प्रदूषण की स्थिति ‘गंभीर’, दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू, इन कामों पर पाबंदी
दिल्ली-एनसीआर में धीमी हवा के कारण वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली का एक्यूआई 428 तक पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेप का चौथा चरण लागू किया है। इसके तहत निर्माण कार्यों, गैर-जरूरी ट्रकों के प्रवेश पर रोक और कुछ कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका जताई है।

4 घंटे में राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 यानी बहुत खराब श्रेणी में था। लेकिन, देर शाम आठ बजे 428 तक पहुंच गया। 400 से अधिक एक्यूआइ गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
इसे देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की उपसमिति ने एनसीआर में ग्रेप का चौथा चरण लागू करने का निर्णय़ लिया है। शुक्रवार को ही एनसीआर में ग्रेप का तीसरा चरण लागू किया गया था।
दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर प्रदूषण सर्वाधिक
शनिवार सुबह से ही दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ था। दिन में स्थिति और खराब हो गई। सीएक्यूएम का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अत्यधिक प्रतिकूल मौसम के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। प्रदूषण की वर्तमान स्थिति और संबंधित कारकों को ध्यान में रखकर वायु गुणवत्ता की स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए उपसमिति ने सर्वसम्मति से एनसीआर में तत्काल प्रभाव से ग्रेप का चौथा चरण लागू करने का निर्णय लिया है।




