Crime: नाबालिक को अगवा कर दुष्कर्म का मामला
Case of kidnapping and rape of a minor
जिले के थाना पादुकलां थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग व ₹5000 के इनामी आरोपी हेमराज नाथ पुत्र शैतान नाथ (18) निवासी त्योद थाना रूपनगढ़ जिला अजमेर को बीकानेर के लूणकरणसर से बरामद कर लिया। जिला एसपी नारायण टोगस ने बताया कि 26 जुलाई को थाना पादुकलां में आरोपी हेमराज नाथ के खिलाफ नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में परिजनों ने राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी। दोनों की तलाश के लिए उनके कार्यालय से ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए नाबालिग व आरोपी की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार व सीओ जयप्रकाश के सुपरविजन व थानाधिकारी पादुकलां सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम आसूचना संकलन एवं मुखबिरों की मदद से हर संभावित स्थान पर दोनों की तलाश कर रही थी। साइबर सेल भी तकनीकी डाटा जुटा रही थी। तलाश के दौरान जब पुलिस टीम को सूचना मिली कि नाबालिग और आरोपी हेमराज नाथ बीकानेर के लूणकरणसर में हैं तो मौके पर भेजी गई पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें बीकानेर से नागौर लाया गया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।




