Crime: बारां जिले का हिस्ट्रीशीटर फरमान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, यूपी के 32 प्रकरणों में वांछित
History sheeter Farman of Baran district is wanted in 32 cases of Maharashtra, Madhya Pradesh, UP
चित्तौड़गढ़ शहर के प्रताप नगर स्थित श्याम ज्वैलर्स के यहां 13 जून को हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सदर थाना पुलिस व साइबर सेल ने बारां जिले के हिस्ट्रीशीटर फरमान अली उर्फ ओड़ा पुत्र फिरोज अली व उसके साथी साबिर हुसैन पुत्र सीजर अली निवासी छबड़ा को गिरफ्तार कर चोरी के जेवरात व वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। वारदात का मुख्य आरोपी फरमान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश व यूपी राज्यों में 32 मामलों में वांछित है। एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि शहर के प्रताप नगर इलाके में स्थित श्याम ज्वैलर्स के यहां 13 जून को हुई चोरी का खुलासा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह व सीओ विनय कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी गजेंद्र सिंह व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर तकनीकी डाटा व तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा वारदात के आसपास के क्षेत्र से लेकर पूरे रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग प्राप्त कर उसका विश्लेषण करने के बाद आरोपियों को नामजद किया। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उनके संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। बारा जिले के छबड़ा थाने पहुंचकर स्थानीय पुलिस को साथ लेकर उनके घर पर छापेमारी की गई और दोनों आरोपियों फरमान अली उर्फ ओदा और साबिर हुसैन को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया गया।




