Crime: चुरू जिले में सरदारशहर थाना पुलिस की कार्रवाई बसों में यात्रियों की अटैचियों से जेवरात चोरियों के मामलों का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

Action by Sardarshahar police station in Churu district, cases of theft of jewellery from passengers' suitcases in buses revealed, three arrested

जयपुर/चूरू, 18 सितम्बर। चूरू जिले की सरदारशहर थाना पुलिस टीम ने बसों में यात्रियों के बैग व सूटकेस से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामलों का खुलासा कर चोर गिरोह के तीन सदस्यों अनिल कुमार सांसी पुत्र प्रताप सिंह (29) निवासी भाटला थाना हांसी सदर जिला हिसार, वीरभान सांसी पुत्र चरण सिंह (36) निवासी लुहारी राघो थाना नारनौद जिला हिसार व रामकुमार सांसी पुत्र रूपचंद (60) निवासी गगन खेड़ी थाना हांसी सदर जिला हिसार हरियाणा को गिरफ्तार किया है। एसपी जय यादव ने बताया कि भादासर उतरादा निवासी रामचंद्र जाट ने रिपोर्ट दी कि 12 सितम्बर को मेरी पत्नी दोपहर करीब 12.40 बजे कच्चा बस स्टैण्ड से धीरासर जाने वाली बस में सवार हो रही थी। अज्ञात चोरों ने मेरी पत्नी की अटैची का ताला तोड़कर अंदर रखे करीब 7 लाख रुपए के आभूषण व नकदी चुरा ली।इस पर मामला दर्ज कर एसआई मंगू राम द्वारा जांच शुरू की गई। एसपी यादव ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल व सीओ अनिल कुमार माहेश्वरी के पर्यवेक्षण में एसएचओ अरविंद कुमार व एसआई मंगू राम ने सूचना के आधार पर गुप्त सूचना एकत्रित कर आरोपी अनिल कुमार, वीरभान व रामकुमार को गिरफ्तार किया, जिनसे चोरी के माल की बरामदगी व अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ जारी है। अपराध करने का तरीका गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी व सेंधमारी समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले रेकी कर भीड़भाड़ वाली बसों में चढ़ते हैं। जिस व्यक्ति के साथ अपराध करना होता है, उसके आगे-पीछे खड़े हो जाते हैं। फिर उसका ध्यान भटकाकर उसके ब्रीफकेस व बैग से जेवरात व नकदी चोरी कर लेते हैं।

Related Articles

Back to top button