UPPCS 2025: हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द किया, नई मेरिट लिस्ट बनाने का आदेश

मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू भी नए सिरे से कराने को कहा, 814 पदों पर होनी है भर्ती

UPPCS 2025: हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द किया, नई मेरिट लिस्ट बनाने का आदेश

प्रयागराज, 28 नवंबर। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी पीसीएस 2025 भर्ती को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द करते हुए नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का आदेश दिया है। साथ ही संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराने और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी नए सिरे से पूरी करने को कहा है।

यह फैसला जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी संजय कुमार और तीन अन्य की याचिका पर सुनाया। याचिका में आरोप था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक अंक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया। याचिकाकर्ताओं ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी के तहत ओपन कैटेगरी में माइग्रेशन का लाभ देने की मांग की थी।

पीसीएस 2025 के तहत कुल 814 पदों पर भर्ती होनी है। प्रारंभिक परीक्षा के लिए 6 लाख 26 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 11,727 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए थे। बाद में 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया।

आयोग ने 24 अक्टूबर को साक्षात्कार पूरे कर लिए थे, लेकिन अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुआ था। हालांकि आयोग के पास इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में अपील करने का विकल्प मौजूद है।

इनपुट: प्रसार भारती शब्द

#UPPCS #यूपीपीसीएस #इलाहाबादहाईकोर्ट #UPPSC #सरकारीनौकरी

Related Articles

Back to top button