BRICS सम्मेलन की रिहर्सल से आज दिल्ली में यातायात प्रभावित

दिल्ली में आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत बुधवार, 2 सितंबर को विशेष काफिले की रिहर्सल की जा रही है। इसके चलते राजधानी के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। दिल्ली यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के लिए विस्तृत परामर्श जारी करते हुए लोगों से यात्रा की योजना पहले बनाने और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

यातायात पुलिस के अनुसार रिहर्सल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इस दौरान 22 प्रमुख स्थानों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया जाएगा। सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, शांति पथ, निती मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और प्रेस एन्क्लेव रोड जैसे मार्गों पर विशेष निगरानी रहेगी।

दिल्ली यातायात पुलिस ने कई स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ने की व्यवस्था की है। धौला कुआं, मोती बाग, जनपथ, पटेल चौक, मंडी हाउस, लोधी रोड और मथुरा रोड के आसपास भी यातायात नियंत्रण किया जाएगा। प्रभावित मार्गों पर जाने वाले वाहन चालकों को रिंग रोड, आईटीपी मार्ग, लोधी रोड, अरबिंदो मार्ग और अन्य प्रमुख वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

हवाई अड्डे तथा रेलवे स्टेशनों की ओर जाने वाले यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। यातायात पुलिस ने लोगों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने और संभव हो तो मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी है। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, जबकि बसों के कुछ मार्गों में अस्थायी बदलाव हो सकता है। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवागमन में प्राथमिकता दी जाएगी।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होना प्रस्तावित है। रिहर्सल का उद्देश्य सम्मेलन के दौरान अतिविशिष्ट काफिलों की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करना तथा यातायात व्यवस्था की तैयारियों को परखना है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और नियंत्रित मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button