जनमाष्टमी शोभायात्रा से यातायात प्रभावित होने की संभावना
आज दिल्ली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों के लिए परामर्श जारी करते हुए प्रभावित मार्गों से बचने और यात्रा की पहले से योजना बनाने की अपील की है। शोभायात्रा मंगलवार, 1 सितंबर को दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 2,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु रथों और विभिन्न झांकियों के साथ शोभायात्रा में हिस्सा लेंगे।
यात्रायात्रा के कारण विशेष रूप से डीबीजी रोड, अजमल खां रोड और इनके आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के कारण इन मार्गों पर यातायात धीमा पड़ने और जाम की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से इन सड़कों का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है।
पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा के दौरान यातायात को आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। आसपास के इलाकों में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जा सकता है। इसलिए करोल बाग, पहाड़गंज और मध्य दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है। यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर मेट्रो, का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी के विभिन्न इलाकों में धार्मिक आयोजन भी हो रहे हैं। ऐसे में शाम के समय बाजारों और मंदिरों के आसपास भी लोगों की भीड़ बढ़ सकती है। यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहन खड़ा न करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
दिल्ली यातायात पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आम लोगों से अपील है कि वे प्रभावित मार्गों की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और संभव हो तो निर्धारित समय के दौरान इन रास्तों से बचें।




