दिल्ली-एनसीआर में परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, केंद्रीय बलों की भी तैनाती; NTA की फुल तैयारी
नई दिल्ली। पेपर लीक होने के चलते रद किए गए नीट-यूजी कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच 21 जून को दोबारा होने जा रही है। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे।

इससे पहले शनिवार को एनटीए ने माक ड्रिल के जरिये देश के 551 शहरों के 5440 केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित होने जा रही परीक्षा की तैयारियों को परखा।
परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी सहित 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। पूरे आयोजन में तीन लाख से अधिक कर्मचारियों-अधिकारियों को लगाया गया है। एनटीए ने छात्रों को प्रवेश पत्र, एक पहचान पत्र और दो फोटो के साथ निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए कहा है। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, बिजली, पंखे व अभिभावकों के बाहर बैठने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रश्नपत्र तैयार करने वाली विशेषज्ञ टीम को परीक्षा होने तक क्वारंटाइन में रखा गया है। प्रश्नपत्रों को एनटीए के 18 रीजनल सेंटरों तक वायु सेना के विमानों व डाक विभाग की मदद से पहुंचाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती दी गई है।




