भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रमुख जमाल सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी, वाट्सएप से मांगी गई रंगदारी

नागपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी को वाट्सएप संदेशों के माध्यम से जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी की मांग की गई है।

इस संबंध में उन्होंने नागपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। धमकी भरे संदेश 25 से 27 मई के बीच मोबाइल नंबर 8899162823 से भेजे गए थे। इसके बाद सिद्दीकी ने पुलिस से संपर्क किया।

एफआइआर के अनुसार, अज्ञात आरोपितों ने यूपीआइ और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से 50 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक की रकम की मांग की है। संदेश भेजने वाले ने पैसे न देने पर सिद्दीकी और उनके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है।

संदेशों में बम विस्फोटों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की लक्षित हत्याओं का भी जिक्र है। इसमें दावा किया गया है कि ये हमले इसलिए किए जाएंगे, क्योंकि उन नेताओं ने संदेश भेजने वाले का अपमान किया है।

आरोपित ने धमकी भरे संदेशों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सचिन पायलट, मल्लिकार्जुन खरगे और उदय भानु चिब समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नाम लिए हैं।

सिद्दीकी ने पुलिस को कई वाट्सएप स्क्रीनशाट और अन्य डिजिटल सुबूत सौंपे हैं। नागपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं, क्योंकि इसमें एक प्रमुख राजनीतिक नेता को धमकी दी गई है।

Related Articles

Back to top button