पेट्रोल-डीजल के बाद अब रुलाएंगे टमाटर-प्याज के दाम! कितनी महंगी होने वाली हैं फल-सब्जियां
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल की बढ़ोतरी से आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में फल और सब्जियों के दाम प्रभावित हो सकते हैं। दिल्ली के आजादपुर मंडी के व्यापारियों ने सोमवार को यह कहा। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। यह दो हफ्तों से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है। आजादपुर मंडी फेडरेशन ऑफ फ्रूट एंड वेजिटेबल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि थोक कीमतों पर अब तक कोई तत्काल असर नहीं पड़ा है, लेकिन ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से अंततः दाम प्रभावित हो सकते हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘सोमवार तक कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं, इसलिए हमें कुछ असर देखने को मिल सकता है। हालांकि कीमतों में छोटी-मोटी बढ़ोतरी से हमेशा थोक कीमतों पर तुरंत असर नहीं पड़ता, लेकिन ईंधन की कीमतों में कुल मिलाकर बड़ी बढ़ोतरी से निश्चित रूप से दाम बढ़ेंगे।’’





