आज युवाओं के लिए बड़ा दिन: पीएम मोदी आज देश भर में बांटेंगे 51,000 नियुक्ति पत्र; 47 शहरों में लगेगा रोजगार मेला
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वर्चुअल माध्यम से वितरित करेंगे। रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। अब तक देश भर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12 लाख भर्ती पत्र जारी किए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को 19वें रोजगार मेले में वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से नव नियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। वे इस अवसर पर एक सभा को संबोधित भी करेंगे।
पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, “देश भर में हमारे युवा सहकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। इसी दिशा में, मैं वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से एक और रोजगार मेले में भाग लूंगा, जहां मुझे विभिन्न सरकारी विभागों के लिए युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने का सौभाग्य प्राप्त होगा।”
इसमें देशभर से चयनित अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। नियुक्तियां मुख्य रूप से रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय संस्थानों में होंगी।




