दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी और बारिश से पारा लुढ़का, अगले 24 घंटों में भी तेज हवा-वर्षा का अलर्ट
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को एक बार फिर से मौसम बदल गया है। सुबह राजधानी में कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चली। दिन में बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी निकली। कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई।

शाम में एक बार फिर से धूल भरी आंधी चलने के साथ ही हल्की वर्षा हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार शनिवार को भी तेज हवा चलने के साथ ही हल्की वर्षा होगी। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को यह बढ़कर 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन, हल्की वर्षा होने के कारण अधिकतम तापमन में गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को यह गिरकर 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है।
शनिवार को भी 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने और दोपहर बाद हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। पूरी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट लेकिन दक्षिण, मध्य और नई दिल्ली के लिए नारंगी अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
18 मार्च के बाद हवा खराब श्रेणी में पहुंची
धूल भरी आंधी चलने से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी खराब हुई है। 18 मार्च के बाद दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 266 तक पहुंच गया।
इससे पहले एक्यूआइ 200 के नीचे यानी मध्यम श्रेणी में था। 41 चालू प्रदूषण निगरानी स्टेशनों में से एक में मध्यम श्रेणी, सात में बहुत खराब श्रेणी और 33 में खराब श्रेणी में एक्यूआइ रहा। एक्यूआइ बढ़ने के कारण ग्रैप को लेकर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की उपसमिति की शुक्रवार शाम समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में कहा गया कि मौसम विभाग, आइआइटीएम द्वारा मौसम और एक्यूआइ के पूर्वानुमान के आधार पर अभी दिल्ली की हवा मध्यम श्रेणी में रहने का अनुमान है। इसे ध्यान में रखते हुए फिल्हाल ग्रैप के चरण एक को लागू करने की आवश्यकता नहीं है।




