अमृतसर में पाकिस्तानी IED के साथ एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में RDX बरामद; निशाने पर थी पंजाब पुलिस विभाग की बिल्डिंग
अमृतसर। थाना भिंडी सैदां पर धमाके के पांच दिन बाद पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से धमाका करने के लिए भेजी गई इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

इस आइईडी के जरिये पंजाब पुलिस की किसी इमारत को निशाना बनाया जाना था। आरोपी हरमन सिंह भारत-पाकिस्तान सीमा पर सटे अजनाला हलके के गांव उनारपुरा का रहने वाला है। बम निरोधक दस्ते ने जब आइईडी को निष्क्रिय किया तो पता चला कि उसमें आधा किलो से ज्यादा आरडीएक्स, आधा किलो लोहे के छोटे वाल, एक टिफिन बाक्स, डेटोनेटर, रिमोट व वायर आदि लगे थे।
पूछताछ में हरमन ने स्वीकार किया कि आइईडी उसने रमदास इलाके के खेतों से बरामद की थी। पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिये इसे यहां गिराया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरमन के कब्जे से मिले मोबाइल से पाकिस्तानी कांटेक्ट्स भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इन संपर्क नंबरों पर हरमन पिछले एक सप्ताह में 24 से अधिक बार बात कर चुका है। आशंका जताई जा रही है कि हरमन आइएसआई के संपर्क में भी था। एसएसपी सोहेल मीर ने बताया कि पूछताछ में आरोपित से कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है।




