Crime Rape: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 1 साल से था फरार, कर्नाटक, बेंगलुरु, हैदराबाद, गुजरात में काटी फरारी

He was absconding for 1 year in the case of gang rape of a minor, spent his time absconding in Karnataka, Bengaluru, Hyderabad, Gujarat

करौली के मासलपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में करीब 1 साल से फरार चल रहे आरोपी गोविंद गुर्जर पुत्र कप्तान निवासी परमल्ला पुरा को थाना पुलिस व सीओ ऑफिस की टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹25000 का इनाम घोषित किया गया है। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि 24 सितंबर 2023 को मासलपुर थाने में नाबालिग के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस टीमों द्वारा काफी प्रयास के बाद उस समय कर्नाटक से बालिका को बरामद कर लिया गया था। मामले की जांच सीओ अनुज शुभम द्वारा की जा रही थी।  जांच के दौरान अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म के तथ्य सामने आए। जिस पर पुलिस ने एक आरोपी दिनेश गुर्जर निवासी बरबटपुरा को 22 दिसंबर 2023 को गिरफ्तार किया, जो फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में है। एसपी उपाध्याय ने बताया कि घटना का दूसरा आरोपी गोविंद सिंह तभी से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी कार्यालय की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। तभी से पुलिस टीम लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी बीच सोमवार को हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह व कांस्टेबल राजेश कुमार को मिली सूचना के आधार पर सीओ कार्यालय टीम व मासलपुर थाना टीम ने मासलपुर मोड़ से आगे भद्रावती नदी पुल के पास दबिश देकर वांछित आरोपी को हिरासत में लिया। वांछित आरोपी गोविंद पिछले 1 साल से कर्नाटक, बेंगलुरु, हैदराबाद, गुजरात आदि जगहों पर छिपकर फरार चल रहा था। जांच के बाद पुलिस ने उसे नाबालिग के अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया।

Related Articles

Back to top button