बिहार से ट्रेन में लेकर लुधियाना पहुंचे 11 किलो गांजा, महिला समेत दो गिरफ्तार
लुधियाना। सीआईए की पुलिस टीम ने शनिवार को महिला समेत दो तस्करों को पकड़कर गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। हैरत की बात है कि गिरफ्तार तस्कर ट्रेन में बिहार से गांजा लेकर लुधियाना में डिलीवर करने के लिए पहुंचे थे।

थाना डिवीजन नंबर आठ में लाभ सिंह नगर, जिला जालंधर निवासी इनर देवी (34) और लक्ष्मण नगर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार निवासी दीपक कुमार (26) के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपित इनर देवी मूलरूप से गांव सुपौल बहार, जिला दरभंगा, बिहार की रहने वाली हैं। पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एएसआइ जसविंदर सिंह ने बताया कि 14 मार्च को वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान रख बाग से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे। वह जब रेलवे स्टेशन की पिछली साइड पर पहुंचे तो उक्त आरोपित पानी वाली टंकी के नजदीक बैग लेकर खड़े थे।
शक के आधार पर तलाशी ली तो आरोपितों के बैग से 11 किलो 320 ग्राम गांजा मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित ट्रेन में सवार होकर बिहार से लुधियाना गांजा लाए थे, जोकि उन्होंने लुधियाना में ही किसी को डिलीवर करना था और स्टेशन के पास किसी का इंतजार कर रहे थे।
बिना जांच बैग रेलवे स्टेशन से कैसे आया बाहर?
बिना जांच आरोपित और उनका बैग रेलवे स्टेशन से बाहर आया, जोकि सुरक्षा व्यवस्था और रेलवे स्टेशन प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर रहा है। हैरत की बात है कि बिना किसी डर के आरोपित पहले बिहार से गांजा लेकर ट्रेन में चढ़े और फिर लुधियाना पहुंचकर आसानी से रेलवे स्टेशन से बाहर भी आ गए।
रेलवे स्टेशन पर अक्सर ही जीआरपी के अधिकारी मौजूद होते हैं और स्टेशन से बाहर आने-जाने वाले लोगों का सामान भी चेक किया जाता है, लेकिन आरोपित का एक राज्य से दूसरे राज्य में इतनी बड़ी मात्रा में नशा लेकर जाना दो राज्यों के रेलवे स्टेशन के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।




