नोएडा में फर्जी जॉब रैकेट का खुलासा, सोशल मीडिया पर नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-113 पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए देश-विदेश में क्रूज और अन्य जगहों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी, फातिमा और खुशी उर्फ खुशबू के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे M/S Recruite Service नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “We Are Hiring” के पेड विज्ञापन चलाते थे। इन विज्ञापनों के जरिए नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से ऑनलाइन फॉर्म भरवाया जाता था और उनकी जानकारी लेकर उनसे 40 हजार से 60 हजार रुपये तक की रकम वसूली जाती थी। इसके बाद उन्हें ई-मेल के माध्यम से फर्जी जॉइनिंग लेटर भेजकर ठगी की जाती थी।

इस काम के लिए आरोपियों ने सेक्टर-73 के एंथूरियम बिजनेस पार्क में एक कार्यालय किराए पर लिया हुआ था, जहां से पूरा फर्जीवाड़ा संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, 5 कीबोर्ड, 5 सीपीयू, 4 माउस, 1 राउटर, 2 मोहर, 2 चेकबुक, 2 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

इस मामले में थाना सेक्टर-113 में मुकदमा संख्या 75/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button