‘नौकरियों का डर छोड़ें, स्किलिंग पर दें जोर’, एआई युग के लिए पीएम मोदी का युवाओं को संदेश
भारत में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को वैश्विक स्तर पर शीर्ष तीन एआइ सुपरपावर में शामिल करना लक्ष्य है। उन्होंने तकनीक को “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की भावना से जोड़ते हुए स्पष्ट किया कि एआई का उद्देश्य मानव क्षमताओं को बढ़ाना होना चाहिए, न कि उन्हें प्रतिस्थापित करना।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और प्रशासन में एआइ आधारित समाधान ग्रामीण-शहरी खाई को कम कर रहे हैं। आधार और यूपीआइ जैसे डिजिटल ढांचे पर एआइ की परत चढ़ाकर जनसेवाओं को अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाया जा रहा है। सरकार डेटा सुरक्षा, डीपफेक रोकथाम और कौशल विकास पर समानांतर जोर दे रही है, ताकि युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर भी सृजित हों।




