Delhi government 11 नए अस्पतालों को PPP मॉडल पर चलाएगी, स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने जारी किया टेंडर
दिल्ली सरकार अपने निर्माणाधीन 11 अस्पतालों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के जरिए चलाने की योजना बना रही है। सरकार ने इस दिशा में कदम आगे बढ़ा दिया है। इस पहल का मकसद स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार करना और लंबे समय से अटकीं परियोजनाओं को तेजी से पूरा करना है। इसके लिए सरकार ने विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन कराने का फैसला लिया है। इस योजना के तहत 10,073 बेड जोड़े जाएंगे।

सरकार ने इस प्रस्ताव की वित्तीय, तकनीकी और संचालन व्यवस्था का आंकलन करने के लिए एक विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन कराने का फैसला लिया है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने टेंडर जारी किया है।
इस योजना के तहत नए 10,073 बेड जोड़े जाएंगे। जिसमें 4,314 आइसीयू बेड शामिल हैं। इस योजना में राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में स्थित चार सामान्य अस्पताल और सात आइसीयू बेड वाले अस्पताल शामिल हैं।
दिल्ली सरकार ने पीपीपी माडल के तहत व्यवहार्यता अध्ययन के लिए जिन 11 अस्पतालों के बारे में फैसला लिया है। इनमें चार नए अस्पताल हैं, जिनमें तीन ज्वालापुरी, मादीपुर और हस्तसाल में लगभग बनकर तैयार हैं। इनमें प्रत्येक में 691 बेड हैं। इसके अलावा सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल बनना है।




