Karnataka के कलबुर्गी में RSS ने निकाला मार्च, जिला प्रशासन ने कड़ी शर्तों के साथ दी अनुमति

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के चित्तपुर विधानसभा क्षेत्र में एक मार्च निकाला। चित्तपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियांक खरगे करते हैं। जिला प्रशासन ने शुरुआत में अनुमति देने से इनकार कर दिया था। उसने अदालत के आदेश के बाद मार्च निकालने के लिए अपनी मंजूरी दे दी। इसमें केवल 350 लोग ही शामिल हुए।

मार्च की अनुमति के लिए रखीं गई कड़ी शर्तें
जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि इस मार्च के लिए कड़ी शर्तें रखी गई थीं। यह मार्च दोपहर में बजाज कल्याण मंडप से शुरू हुआ और लगभग एक किलोमीटर तक चला। पूरे रास्ता भगवा झंडों से सजा हुआ था। सड़क के दोनों ओर सैकड़ों लोगों ने आरएसएस कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।

‘RSS की खूब प्रशंसा करते हैं लोग’
बाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरएसएस कर्नाटक उत्तर क्षेत्र प्रमुख कृष्ण जोशी ने बताया कि आरएसएस का विरोध करने वाले सभी लोग अब उसकी प्रशंसा करते हैं और उसे अपनाते हैं। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पूरे रास्ते सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और ड्रोन से निगरानी की जा रही थी।

Related Articles

Back to top button