उपराष्ट्रपति पद की आज शपथ लेंगे CP Radhakrishnan, 152 मतों के अंतर से जीता था चुनाव
देश के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार को शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राधाकृष्णन को राष्ट्रपति भवन में सुबह 10 बजे आयोजित एक समारोह में शपथ दिलाएंगी। राधाकृष्णन ने मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को हराकर जीत हासिल की। राजग उम्मीदवार राधाकृष्णन को मंगलवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया।

राजग उम्मीदवार को 452 वोट प्राप्त हुए
राजग उम्मीदवार को 452 वोट प्राप्त हुए, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। परिणामों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी और विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति भारत के संवैधानिक मूल्यों को और मजबूत करेंगे तथा संसदीय संवाद में सकारात्मक योगदान देंगे।




