भाजपा ने अनुसूचित जाति के उत्थान के लिए किये अनेक काम: Mohan Lal Badoli
चंडीगढ़ – हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा है कि भाजपा ने अनुसूचित जाति समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य किये हैं, जबकि कांग्रेस ने हमेशा इस समाज को केवल वोट बैंक समझा। बडौली ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में दलितों के हितों को दरकिनार किया गया, जबकि भाजपा सरकार सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य अंत्योदय है। बड़ौली को पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में आयोजित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने की।

इस अवसर पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से दो अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की जानकारी दी गयी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में सभी कार्यकर्ता सेवा कार्य करेंगे। इससे पहले 14 सितंबर को पानीपत में एससी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। बड़ौली ने अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रशंसा करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की और भाजपा सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मोर्चा ने कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश किया है।
संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि मोदी और नायब सरकार की नीतियों और योजनाओं में गरीब, शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्ग का उत्थान सर्वोपरि है। सेवा पखवाड़ा के दौरान सांसद, विधायक और कार्यकर्ता रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचेंगे।




