“नकारात्मक ऊर्जा” हटाने के नाम पर ठगी: दिल्ली में दो फर्जी बाबाओं को साइबर पुलिस ने मेरठ से किया गिरफ्तार
Fraud in the name of removing "negative energy": Cyber police arrested two fake babas from Meerut in Delhi
(नई दिल्ली) नितिन जैन :
दिल्ली की एक महिला को “नकारात्मक ऊर्जा” हटाने के बहाने 37,000 रुपये की ठगी का शिकार बनाना दो फर्जी बाबाओं को भारी पड़ गया। साइबर थाना, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की टीम ने शानदार तकनीकी जांच के बाद दोनों आरोपियों को मेरठ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है।

❖ क्या है पूरा मामला?
21 मई 2025 को पटेल नगर की एक गृहिणी ने शिकायत दर्ज करवाई कि एक बाबा ने उसे उसके निजी जीवन की समस्याओं के समाधान के नाम पर झांसा दिया। बाबा ने कहा कि उसके घर पर “नकारात्मक ऊर्जा” है जिसे वह पूजा-पाठ और टोटकों से हटा सकता है।
इस बहाने धीरे-धीरे महिला से ₹37,000 ऐंठ लिए गए। जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। यहां तक कि झूठे वीडियो और ब्लैकमेलिंग के हथकंडे भी अपनाए गए।
❖ पुलिस कार्रवाई: तकनीक बनी हथियार
इस मामले में एफआईआर नंबर 54/25 के तहत IPC की धारा 318(4) BNS में केस दर्ज किया गया।
साइबर थाना, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एक विशेष टीम, इंस्पेक्टर संदीप पंवार (SHO) की अगुवाई में बनाई गई, जिसमें SI गौरव सिंह, HC भारत सिंह, HC हीरालाल और कांस्टेबल धर्मेंद्र शामिल थे।
👉 कॉल डिटेल्स, डिजिटल ट्रेल्स और बैंक ट्रांजेक्शनों की जांच के आधार पर आरोपियों को 24 जुलाई 2025 को मेरठ के ज़फ़र गार्डन, लिसाड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया।
❖ आरोपी कौन हैं?
मोहम्मद नज़ीर (41 वर्ष)
निवासी – लिसाड़ी रोड, ज़फ़र गार्डन, मेरठ, यूपीमोहम्मद राजा खान (30 वर्ष)
निवासी – लिसाड़ी रोड, ज़फ़र गार्डन, मेरठ, यूपी
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल्स बनाकर खुद को “महान तांत्रिक बाबा” बताकर प्रचार करते थे। “पैसा कमाने में बाधा”, “पति-पत्नी के झगड़े”, “प्रेम में सफलता” जैसे झूठे दावे कर लोगों को फंसाते थे।
इसके बाद वे फर्जी वीडियो, झूठी भविष्यवाणियाँ और डराने वाली बातें दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। आरोपियों ने खुद को पकड़ से बचाने के लिए कई बैंक अकाउंट और डिजिटल लेयरिंग का भी इस्तेमाल किया।
❖ आगे क्या?
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित साथियों और पीड़ितों की तलाश में जुटी है। यह मामला उन सभी के लिए चेतावनी है जो धार्मिक आस्था के नाम पर ठगों का शिकार हो सकते हैं।
✦ संपादकीय संदेश ✦
❝ आस्था और अंधविश्वास के बीच की रेखा को समझें। कोई भी समस्या का समाधान पैसों के बदले झूठे चमत्कारों से नहीं होता। ऐसे ठगों से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ❞




